जनप्रतिनिधियों एवं डीएम ने स्व:गणना कर जनपदवासियों से जनगणना-2027 में सहभागिता की अपील की

  • जनता से अपील: राष्ट्रीय दायित्व के निर्वहन में बढ़-चढ़कर सहभागिता करें
  • se.census.gov.in पर जाएं और स्वजनगणना करें, समस्या हेतु 0120-2989055 पर कॉल करें: जिला प्रशासन

गाजियाबाद। भारत सरकार एवं राज्य सरकार के निदेर्शानुसार संचालित जनगणना-2027 के अंतर्गत 7 मई 2026 से 21 मई 2026 तक आनलाइन माध्यम से स्वगणना की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। इसी क्रम में स्वगणना के प्रथम दिवस जनपद गाजियाबाद में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ सहित जनप्रतिनिधियों द्वारा स्वगणना कर जनपदवासियों को इस महत्त्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय सहभागिता हेतु प्रेरित किया गया।
जिलाधिकारी गाजियाबाद रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने स्वयं आनलाइन पोर्टल se.census.gov.in के माध्यम से स्वगणना करते हुए जनपदवासियों से अपील की कि वे निर्धारित अवधि के भीतर स्वप्रेरणा से अपनी एवं अपने परिवार की सही एवं पूर्ण जानकारी पोर्टल पर दर्ज करें, जिससे जनगणना कार्य को पारदर्शी, सटीक एवं समयबद्ध रूप से संपन्न कराया जा सके।
स्वगणना अभियान में सहभागिता करते हुए प्रथम दिवस गाजियाबाद लोकसभा सांसद अतुल गर्ग, महापौर नगर निगम गाजियाबाद सुनीता दयाल, लोनी विधायक नन्द किशोर गुर्जर, मुरादनगर विधायक अजीत पाल त्यागी तथा मोदीनगर विधायक डॉ. मंजू सिवाच द्वारा भी आनलाइन स्वगणना की गई तथा नागरिकों से इस राष्ट्रीय दायित्व के निर्वहन में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने का आह्वान किया गया।
सौरभ भट्ट, जिला जनगणना अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) गाजियाबाद ने अवगत कराया कि जनगणना से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी, कठिनाइयों के निवारण अथवा सुझाव हेतु जिला जनगणना सेल द्वारा हेल्पलाइन नंबर 0120-2989055 स्थापित किया गया है, जिस पर कार्यालय समय में संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि स्वगणना पूर्ण करने के उपरांत प्राप्त आवेदन संख्या (एसईआईडी) को सुरक्षित रखा जाए तथा जनगणना कर्मियों द्वारा गृह भ्रमण (Home to Home Survey) के दौरान मांगे जाने पर उपलब्ध कराया जाए। जिला प्रशासन ने समस्त नागरिकों से अपील की है कि जनगणना जैसे महत्त्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय सहभागिता करते हुए राष्ट्र निर्माण एवं विकास योजनाओं को सुदृढ़ आधार प्रदान करने में सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *