कैलाश मानसरोवर यात्रा-2026 का प्रथम जत्था गाजियाबाद पहुंचा

  • प्रथम जत्था को 15 जून को विधिवत प्रारम्परिक विदाई समारोह के साथ हरी झंडी दिखाकर किया जाएगा रवाना

गाजियाबाद। कैलाश मानसरोवर यात्रा-2026 के अंतर्गत प्रथम जत्था के श्रद्धालु गाजियाबाद स्थित कैलाश मानसरोवर भवन पहुंच चुके हैं। वर्तमान में प्रथम दल में 32 पुरुष एवं 16 महिला यात्री शामिल हैं। यात्रा प्रारंभ होने तक इस दल में कुल 50 यात्रियों की संख्या पूर्ण हो जाएगी।
यात्रा के संबंध में जानकारी देते हुए कैलाश मानसरोवर भवन के प्रबंधक दिनेश गर्ग ने बताया कि वर्ष 2026 की कैलाश मानसरोवर यात्रा 11 जून से 27 अगस्त तक संचालित होगी। इस वर्ष कुल 20 बैचों में यात्रियों को भेजा जाएगा, जिनमें प्रत्येक बैच में 50 यात्री शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि कुल 20 बैचों में से 10 बैच उत्तराखंड के लिपुलेख मार्ग से तथा 10 बैच सिक्किम के नाथुला मार्ग से कैलाश मानसरोवर के लिए प्रस्थान करेंगे। प्रथम जत्था को 15 जून प्रातः 6 बजे विधिवत प्रारम्परिक विदाई समारोह के साथ हरी झंडी दिखाकर सिक्किम के नाथुला मार्ग के लिए रवाना किया जाएगा।
श्री गर्ग ने बताया कि गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी सभी कैलाश यात्री यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व गाजियाबाद स्थित कैलाश मानसरोवर भवन में ठहराए जा रहे हैं, जहां उनके आवास, भोजन तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था उत्तर प्रदेश शासन द्वारा निशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं।
कैलाश मानसरोवर यात्रा को लेकर यात्रियों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है तथा सभी श्रद्धालु अपनी आध्यात्मिक यात्रा को लेकर अत्यंत उत्साहित हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *