
गाजियाबाद: विश्व योग दिवस के उपलक्ष्य में गाजियाबाद स्थित 8वीं वाहिनी, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) द्वारा शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के संवर्धन तथा योग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक विशेष योग शिविर का आयोजन श्री सुदेश कुमार, सेनानी, 8वीं वाहिनी एनडीआरएफ के मार्गदर्शन एवं संरक्षण में किया गया। कार्यक्रम में 8वीं वाहिनी के समस्त अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी, रेस्क्यूर्स एवं उनके परिवार के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया।
इस अवसर पर डॉ. कुबेर एस. शर्मा, उप सेनानी, 8वीं वाहिनी एनडीआरएफ ने अपने संबोधन में बताया कि यह अत्यंत गर्व का विषय है कि आज हम 12वाँ विश्व योग दिवस मना रहे हैं। योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत का अमूल्य उपहार है, जो वर्तमान समय में स्वस्थ, संतुलित एवं अनुशासित जीवन के लिए एक अत्यंत प्रभावी माध्यम के रूप में स्थापित हो चुका है। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन जैसे चुनौतीपूर्ण एवं दायित्वपूर्ण कार्यों में संलग्न एनडीआरएफ कार्मिकों के लिए शारीरिक क्षमता, मानसिक दृढ़ता एवं त्वरित निर्णय लेने की क्षमता अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिसके विकास में नियमित योगाभ्यास महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने यह भी बताया कि नई दिल्ली स्थित नेहरू पार्क में एनडीआरएफ द्वारा बल-स्तरीय योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें श्री पीयूष आनंद, आईपीएस, महानिदेशक, एनडीआरएफ, श्री नरेंद्र सिंह बुंदेला, महानिरीक्षक (आईजी), एनडीआरएफ, वरिष्ठ अधिकारीगण, अधीनस्थ अधिकारी तथा बहादुर रेस्क्यूर्स ने सामूहिक योगाभ्यास किया। इस कार्यक्रम में 8वीं वाहिनी के पदाधिकारियों ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया।
विश्व योग दिवस के अवसर पर नेहरू पार्क, नई दिल्ली में 8वीं वाहिनी एनडीआरएफ द्वारा एक निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर (Free Medical Camp) का भी आयोजन किया गया। इस शिविर में उपस्थित नागरिकों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसमें रक्त नमूना (ब्लड सैंपल) जांच सहित विभिन्न आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण किए गए। साथ ही, चिकित्सकीय परामर्श प्रदान करते हुए आवश्यक दवाइयों का निःशुल्क वितरण भी किया गया। इस पहल का उद्देश्य आमजन में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा नियमित योगाभ्यास करने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समाज में स्वास्थ्य एवं जागरूकता का संदेश प्रसारित करने के संकल्प के साथ किया गया।

