गाजियाबाद। पद्मश्री से सम्मानित एवं मुरादाबाद के प्रतिष्ठित समाजसेवी चिरंजी लाल यादव का आज 08वीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), गाजियाबाद में आगमन हुआ। वाहिनी मुख्यालय में उनके आगमन पर सुदेश कुमार , कमांडेंट, 08वीं वाहिनी NDRF द्वारा उनका स्वागत किया गया।
इस अवसर पर कमांडेंट महोदय द्वारा पद्मश्री चिरंजी लाल यादव को स्मृति-चिह्न (Memento) एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके द्वारा समाजसेवा एवं जनकल्याण के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय एवं सराहनीय योगदान के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता के भाव का प्रतीक रहा।
कार्यक्रम के दौरान पद्मश्री चिरंजी लाल यादव ने 08वीं वाहिनी NDRF के अधिकारियों एवं कार्मिकों के साथ संवाद किया तथा वाहिनी की कार्यप्रणाली, आपदा प्रबंधन एवं राहत-बचाव गतिविधियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं के दौरान NDRF द्वारा त्वरित प्रतिक्रिया, राहत एवं बचाव कार्यों तथा मानव जीवन की सुरक्षा हेतु किए जा रहे समर्पित प्रयासों की सराहना की।
कमांडेंट सुदेश कुमार ने पद्मश्री चिरंजी लाल यादव के समाज के प्रति समर्पण एवं जनसेवा के क्षेत्र में किए गए योगदान को अनुकरणीय बताते हुए कहा कि सेवा, समर्पण एवं मानवीय संवेदनशीलता की भावना राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इस अवसर पर 08वीं वाहिनी NDRF के वरिष्ठ अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं गरिमापूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।


