विद्यार्थियों को आपदा के दौरान सुरक्षित रहने, त्वरित प्रतिक्रिया एवं बचाव के उपायों का दिया व्यावहारिक प्रशिक्षण
कासगंज। 8वीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), गाजियाबाद की टीम द्वारा जनपद कासगंज में जून माह से निरंतर तैनात रहकर जिला प्रशासन के समन्वय एवं सहयोग से विद्यालयों, संस्थानों एवं गांवों में आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं जनजागरूकता के उद्देश्य से विभिन्न जागरूकता अभियान एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में आज टीम कमांडर निरीक्षक चमन किशोर गुप्ता के नेतृत्व में रानी अवंतीबाई इंटर कॉलेज, मोहनपुरा, कासगंज में विद्यार्थियों के लिए स्कूल सेफ्टी एवं आपदा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार की आपदाओं से बचाव, सुरक्षा के उपायों एवं आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया देने के संबंध में जानकारी प्रदान की गई।
एनडीआरएफ टीम द्वारा विद्यार्थियों को स्कूल सेफ्टी के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि विद्यालयों में बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं शिक्षक एक साथ उपस्थित रहते हैं, इसलिए किसी भी आपातकालीन स्थिति में सुरक्षित निकासी, त्वरित प्रतिक्रिया एवं प्राथमिक उपचार की जानकारी होना अत्यंत आवश्यक है। स्कूल सेफ्टी कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को आपदा से पहले तैयारी करने, आपदा के दौरान सुरक्षित रहने तथा आपदा के बाद आवश्यक सावधानियां बरतने के लिए सक्षम बनाना है, ताकि संभावित जनहानि एवं नुकसान को कम किया जा सके। विद्यार्थियों को विद्यालय में आपातकालीन परिस्थितियों के प्रति सतर्क रहने तथा सीखी गई सुरक्षा तकनीकों को अपने परिवार एवं समाज तक पहुंचाने के लिए भी प्रेरित किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को भूकंप के समय अपनाई जाने वाली Drop-Cover-Hold तकनीक, सुरक्षित निकासी एवं अग्नि सुरक्षा के उपायों का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया। इसके साथ ही प्राथमिक उपचार, CPR एवं बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS) की तकनीकों का प्रदर्शन कर विद्यार्थियों से अभ्यास कराया गया। दम घुटने (Choking) की स्थिति में Heimlich Manoeuvre Technique के माध्यम से पीड़ित व्यक्ति की सहायता करने की प्रक्रिया भी समझाई गई। इसके अतिरिक्त आकाशीय बिजली से बचाव के उपायों तथा पूर्व चेतावनी एवं मौसम संबंधी जानकारी प्राप्त करने के लिए Sachet App एवं Damini App के उपयोग एवं उनकी उपयोगिता के बारे में विस्तार से बताया गया।
एनडीआरएफ टीम ने विद्यार्थियों को जागरूक करते हुए बताया कि आपदा के समय घबराने के बजाय सतर्कता, संयम एवं सही जानकारी के साथ त्वरित निर्णय लेना जीवन रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। विद्यार्थियों को स्वयं सुरक्षित रहते हुए अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी आपदा से बचाव, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य राम निवास सिंह ने एनडीआरएफ टीम द्वारा विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए किए गए प्रयासों एवं प्रदान किए गए व्यावहारिक प्रशिक्षण की सराहना की। उन्होंने इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों को विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए एनडीआरएफ टीम के कार्यों की प्रशंसा की तथा विद्यालय की ओर से पूरी टीम का आभार व्यक्त किया।



