आई.टी.एस यूजी कैंपस में “लीन सिक्स सिग्मा ग्रीन बेल्ट प्रमाणपत्र वितरण समारोह” का आयोजन

गाजियाबाद: आई.टी.एस. कॉलेज, मोहन नगर, गाजियाबाद ने आई.टी.एस. यूजी कैंपस में केपीएमजी इंडिया सर्विसेज एलएलपी द्वारा आयोजित लीन सिक्स सिग्मा ग्रीन बेल्ट प्रोग्राम के लिए “लीन सिक्स सिग्मा ग्रीन बेल्ट प्रमाणपत्र वितरण समारोह” का आयोजन किया। इस समारोह में बीबीए द्वितीय एवं तृतीय वर्ष के उन 247 छात्रों को प्रमाण पत्र से सम्मानित किया गया जिन्होंने इस कार्यक्रम को सफलतापूर्वक पूर्ण किया। कार्यक्रम का शुभारंभ कैंपस के सभागार में पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर संस्थान के चेयरमैन डॉ. आर.पी. चड्ढा, वाइस चेयरमैन अर्पित चड्ढा, यूजी कैंपस की प्राचार्या डॉ. नैन्सी शर्मा, डीन एकेडमिक्स डॉ. विदुषी सिंह एवं बीबीए विभागाध्यक्ष प्रो. आदिल खान सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे। दीप प्रज्वलन के पश्चात कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन हुआ, जिसने पूरे वातावरण को उत्साह एवं सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया।
आई.टी.एस. द एजुकेशन ग्रुप के वाइस चेयरमैन अर्पित चड्ढा ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में प्रमाणपत्र प्राप्त करने वाले छात्रों को हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने छात्रों को निरंतर बेहतर प्रदर्शन करने और उत्कृष्टता की ओर अग्रसर रहने के लिए प्रेरित किया। प्राचार्या डॉ. नैन्सी शर्मा ने अपने संबोधन में छात्रों को बदलते समय की चुनौतियों के प्रति सजग रहने तथा स्वयं को उसके अनुरूप निरंतर विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने छात्रों को कार्यक्रम सफलतापूर्वक पूर्ण करने पर हार्दिक बधाई दी। लीन सिक्स सिग्मा ग्रीन बेल्ट प्रोग्राम एक पेशेवर प्रशिक्षण एवं प्रमाणन कार्यक्रम है, जिसे छात्रों को प्रक्रियाओं में सुधार करने, अपव्यय को कम करने और संगठनों में गुणवत्ता से संबंधित चुनौतियों का समाधान करने के लिए आवश्यक कौशल प्रदान करने हेतु डिजाइन किया गया है। यह दो प्रभावशाली पद्धतियों—लीन और सिक्स सिग्मा—का समन्वय है। लीन अपव्यय को समाप्त करने और दक्षता बढ़ाने पर केंद्रित है, जबकि सिक्स सिग्मा दोषों को कम करने और गुणवत्ता सुधारने पर जोर देता है। ये दोनों मिलकर संगठनों को तेज, अधिक प्रभावी और लागत-कुशल परिणाम प्राप्त करने में सहायता करते हैं। ग्रीन बेल्ट प्रमाणन लीन सिक्स सिग्मा के उपकरणों और तकनीकों में उच्च स्तर की दक्षता को दर्शाता है। इसमे प्रमाणित व्यक्ति प्रक्रिया सुधार परियोजनाओं में योगदान देते हैं और वास्तविक कार्य परिस्थितियों में संरचित समस्या-समाधान विधियों का उपयोग करते हैं। इस कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन प्रो. आदिल खान, डॉ. वंचन त्रिपाठी, प्रो. वैजयन्ती आनंद तथा प्रो. विकास कुमार द्वारा किया गया।
इस अवसर पर आई.टी.एस. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के चेयरमैन डॉ. आर.पी. चड्ढा, यू.जी. कैंपस की प्रिंसिपल प्रोफेसर (डॉ.) नैन्सी शर्मा, यू.जी. कैंपस की एकेडमिक डीन डॉ. विदुषी सिंह, बीबीए विभागाध्यक्ष प्रोफेसर आदिल खान, कार्यक्रम समन्वयक, अभिभावक, अध्यापक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *