हर घर तिरंगा अभियान एवं राष्ट्रीय गीत “वंदे मातरम्” की 150वीं जयंती पर निकाली जागरूकता रैली

जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़ ने स्वयं बाइक चलाकर किया तिरंगा रैली का नेतृत्व

गाजियाबाद। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में संचालित “हर घर तिरंगा” अभियान तथा राष्ट्रीय गीत “वंदे मातरम्” की 150वीं जयंती के अवसर पर जिला प्रशासन एवं सिविल डिफेंस गाजियाबाद द्वारा जन-जागरूकता हेतु भव्य बाइक एवं स्कूटी तिरंगा रैली का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कविनगर रामलीला मैदान से हुआ। इस अवसर पर विधायक मुरादनगर अजीत पाल त्यागी, जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़, मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ, अपर जिलाधिकारी नगर विकास कश्यप सहित अन्य अतिथियों का सिविल डिफेंस के पदाधिकारियों द्वारा पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
इसके उपरांत मुख्य अतिथि विधायक मुरादनगर अजीत पाल त्यागी ने हरी झंडी दिखाकर तिरंगा रैली को रवाना किया। रैली में सिविल डिफेंस के अधिकारियों, वार्डनों, स्वयंसेवकों तथा नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रैली कविनगर रामलीला मैदान से प्रारंभ होकर हापुड़ रोड, संतोष अस्पताल, अंबेडकर रोड, चौधरी मोड़ एवं घंटाघर होते हुए शहीद भगत सिंह की प्रतिमा स्थल पहुंची, जहां प्रतिभागियों द्वारा पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इसके पश्चात रैली ठाकुरद्वारा तिराहे पर स्थित शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा स्थल पहुंची, जहां पुष्पांजलि अर्पित कर महान स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को नमन किया गया। इसके बाद रैली पुनः हापुड़ रोड होते हुए कविनगर रामलीला मैदान पर संपन्न हुई।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़ ने स्वयं बाइक चलाकर तिरंगा रैली का नेतृत्व किया, जिससे प्रतिभागियों में विशेष उत्साह एवं ऊर्जा का संचार हुआ। रैली मार्ग पर नागरिकों ने तिरंगा लहराकर प्रतिभागियों का स्वागत किया तथा राष्ट्रभक्ति के नारों से वातावरण गुंजायमान रहा।
प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा ध्वज लेकर नगर के विभिन्न मार्गों से भ्रमण करते हुए नागरिकों को अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं कार्यालयों पर तिरंगा फहराने तथा “हर घर तिरंगा” अभियान से जुड़ने का संदेश दिया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की एकता, अखंडता एवं गौरव का प्रतीक है तथा प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति अपनी निष्ठा और सम्मान प्रकट करे।
रैली के दौरान देशभक्ति गीतों एवं नारों के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, बलिदान एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को स्मरण किया गया। सिविल डिफेंस के स्वयंसेवकों ने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में “हर घर तिरंगा” अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, सिविल डिफेंस संगठन तथा स्वयंसेवकों का सराहनीय सहयोग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *