ओलंपियाड में बाल मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल का परचम, क्षेत्रीय स्तर पर छात्रों ने जीते स्वर्ण पदक

  • केवल पाठ्यक्रम नहीं, प्रतियोगिताओं में भागीदारी ही बनाती है असली विजेता: वेद प्रकाश रुस्तगी

दिल्ली, 07 मई। सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, निरंतर परिश्रम, अनुशासन और सकारात्मक सोच ही जीवन में ऊंचाइयों तक ले जाती है।ह्व यह प्रेरणादायक उद्गार लायंस इंटरनेशनल के रीजन चेयरमेन एम. जे. एफ. लायन वेद प्रकाश रुस्तगी ने मुख्य अतिथि के रूप में बाल मंदिर सीनियर सेकेंडरी विद्यालय में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि लायंस ओलंपियाड केवल एक परीक्षा नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानने और उसे सही दिशा देने का सशक्त मंच है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आज सम्मानित हो रहे विद्यार्थी भविष्य में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करेंगे। उन्होंने शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन से ही विद्यार्थी इस मुकाम तक पहुंचते हैं। प्रतियोगिताओं की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि आज के समय में केवल पाठ्यक्रम तक सीमित रहना पर्याप्त नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी क्षमताओं का विस्तार करना चाहिए। उन्होंने लायंस ओलंपियाड को ऐसा मंच बताया, जहां विद्यार्थी अपनी बौद्धिक क्षमता का प्रदर्शन करते हुए लक्ष्य निर्धारण, समय प्रबंधन और निरंतर सीखने की आदत विकसित कर सकते हैं।
विद्यालय के चेयरमैन योगेश अरोरा ने बताया कि लायंस ओलंपियाड का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों को समान अवसर प्रदान करना है, जिससे प्रत्येक छात्र अपनी प्रतिभा के आधार पर आगे बढ़ सके। इस प्रतियोगिता से न केवल विद्यार्थियों का शैक्षणिक स्तर बेहतर होता है, बल्कि उनमें आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का भी विकास होता है। उन्होंने लायंस ओलंपियाड फाउंडेशन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है और उनका आत्मविश्वास सुदृढ़ होता है।
विद्यालय की प्रधानाचार्या संतोष आहूजा ने बताया कि लायंस ओलंपियाड के प्रथम चरण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को क्षेत्रीय स्तर पर उनकी रैंकिंग के आधार पर स्वर्ण पदक एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इस श्रेणी में आज कक्षा 6 से कक्षा 10 के 16 विद्यार्थियों ने स्वर्ण प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। लायंस ओलंपियाड के कोआर्डिनेटर लायन अनिल कुमार गुप्ता ने अंत में सभी अतिथियों एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर उत्तम प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।लायन्स अध्यक्ष शैलेंद्र मोहन ने विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर उन्हें बधाई दी तथा अगले वर्ष होने वाले लायन्स ओलंपियाड के लिए शुभकामनाएँ दी। आज के सम्मान समारोह में लायन राम निवास सिंघल, लायन धीरेन्द्र जोशी, मीडिया प्रभारी मनोज कुमार अग्रवाल आदि अन्य लायन सदस्यों के साथ विद्यालय की सभी अध्यापिकाएँ, विद्यालय की कोआर्डिनेटर श्वेता गुप्ता सहित विद्यालय के सभी बच्चे उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *