- होमगार्ड भर्ती परीक्षा व जनगणना कार्य में लापरवाही बरतने वालों पर की जायेगी सख्त कार्यवाही: जिलाधिकारी
- सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त, अराजक तत्वों पर रहेगी कड़ी नजर: एडिशनल सीपी


गाजियाबाद। जनपद गाजियाबाद में प्रस्तावित होमगार्ड भर्ती परीक्षा-2026 के सफल एवं निष्पक्ष संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़ द्वारा परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया गया। इसी क्रम में उन्होंने सेठ मुकंद लाल इंटर कॉलेज व एमबी.गर्ल्स इंटर कॉलेज (नगर पालिका बालिका इंटर कॉलेज, चन्द्रपुरी) परीक्षा केंद्र का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उल्लेखनीय है कि जनपद के कुल 20 परीक्षा केंद्रों पर यह भर्ती परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें लगभग 46,000 अभ्यर्थियों के सम्मिलित होने की संभावना है। परीक्षा का आयोजन दिनांक 25, 26 एवं 27 अप्रैल को प्रतिदिन दो पालियों (प्रात: 10:00 बजे से 12:00 बजे तक एवं अपराह्न 3:00 बजे से 5:00 बजे तक) में किया जाएगा। परीक्षा के सुचारु संचालन हेतु केंद्र व्यवस्थापक, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दायित्व सौंपे गए हैं। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अभ्यर्थियों के लिए पेयजल, वेंटिलेशन, स्वच्छता, शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने हेतु एडीएम एवं एसडीएम स्तर के अधिकारियों को भी जिम्मेदारी दी गई है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिये कि परीक्षाओं को नकलविहीन सूचितापूर्ण तरीके से सम्पन्न कराया जाएं, कार्य में लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्यवाही की जायेगी। जिलाधिकारी ने बताया कि कंट्रोल रूम/ स्ट्रांग रूम की स्थापना कर दी गई है तथा पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरें स्थापित किए गए हैं।
एड.सीपी श्री केशव कुमार चौधरी ने जानकारी दी कि सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत पुलिस द्वारा पूर्वाभ्यास (रिहर्सल) कराया जा चुका है। सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा अभ्यर्थियों के आवागमन मार्गों पर भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, परीक्षा की शुचिता बनाए रखने हेतु असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से भी सतत निगरानी की जा रही है। किसी भी प्रकार से परीक्षा प्रक्रिया में बाधा उत्पन्न करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बताते चलें कि एम.बी.गर्ल्स इंटर कॉलेज में भारत की जनगणना—2027 के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना हेतु 03 दिवसीय सुपरवाइजर/प्रगणक का प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है जो कि प्रथम बैच 22 से 24 अप्रैल 2026, द्वितीय बैच 28 से 30 अप्रैल 2026 व तृतीय बैच 01 से 04 मई 2026 को, समय 09:30 से सांय 06:00 बजे तक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रस्तरीय कार्य है, जिसकी सफलता प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी की जिम्मेदारी पर निर्भर करती है। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी संबंधित अधिकारी अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ करें। उन्होंने कहा कि जनगणना के माध्यम से प्राप्त आंकड़े शासन की विभिन्न योजनाओं के निर्माण एवं क्रियान्वयन में आधारभूत भूमिका निभाते हैं, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। यदि कोई इस प्रकार कार्य करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्यवाही की जानी सुनिश्चित की जायेगी। निरीक्षण के दौरान एडीएम सिटी विकास कश्यप, एसडीएम अरूण दीक्षित, डीआईओ योगेन्द्र प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।

