जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिलाई राष्ट्रीय एकता की शपथ

  • लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई
  • सरदार पटेल का जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता, दृढ़ संकल्प एवं समर्पण का प्रतीक: जिलाधिकारी

गाजियाबाद। भारत के लौह पुरुष एवं देश के पूर्व गृह मंत्री एवं प्रथम उप प्रधानमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर, 2026 को जनपद गाजियाबाद में राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी सहित उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके उपरांत जिलाधिकारी ने उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं सुरक्षा की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने अपने संबोधन में कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, दृढ़ इच्छाशक्ति, अनुशासन और अदम्य साहस का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने अपनी दूरदर्शिता, कुशल नेतृत्व एवं दृढ़ संकल्प के बल पर देशी रियासतों का एकीकरण कर भारत की एकता और अखंडता को मजबूत आधार प्रदान किया। उनके ऐतिहासिक योगदान के कारण ही उन्हें भारत के लौह पुरुष के रूप में सम्मानपूर्वक स्मरण किया जाता है।
जिलाधिकारी ने कहा कि सरदार पटेल का मानना था कि देश की वास्तविक शक्ति उसकी एकता और अखंडता में निहित है। भारत विभिन्न भाषाओं, संस्कृतियों, परंपराओं एवं विविधताओं वाला देश है, लेकिन हमारी राष्ट्रीय पहचान और संविधान हमें एक सूत्र में बांधते हैं। हमें उनके विचारों एवं आदर्शों को अपने जीवन और कार्यशैली में अपनाते हुए आपसी सद्भाव, सामाजिक समरसता तथा राष्ट्रीय एकता को और अधिक सुदृढ़ करना चाहिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह हम सभी को राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का स्मरण कराने का अवसर है। प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी का दायित्व है कि वह अपने कार्यों में निष्पक्षता, निष्ठा एवं समर्पण रखते हुए आमजन की सेवा करे तथा समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण और देश की एकता एवं अखंडता के लिए अपनी सक्रिय भूमिका निभाए। कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों पर चलने, राष्ट्र की एकता एवं अखंडता बनाए रखने तथा जनसेवा के प्रति पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया। शासन के निदेर्शों के क्रम में सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर पूरे प्रदेश में ग्राम स्तर से लेकर जिला एवं राज्य स्तर तक लोक कल्याण, सार्वजनिक सुरक्षा, सामाजिक समरसता एवं राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वर्षभर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *