- लगभग 300 आवंटियों ने किया आवेदन
- शेष आवंटियों से जीडीए ने की शीघ्र लाभ उठाने की अपील
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप संचालित वन टाइम सेटलमेंट (ओटीएस) योजना को आवंटियों से अत्यंत उत्साहजनक प्रतिसाद प्राप्त हो रहा है। प्राधिकरण अधिकारियों के अनुसार अब तक लगभग 300 आवंटियों ने इस योजना के अंतर्गत आवेदन प्रस्तुत कर अपने बकाया देयों के निस्तारण की दिशा में सकारात्मक पहल की है। प्रदेश सरकार द्वारा लागू की गई यह विशेष ओटीएस योजना उन आवंटियों के हित में एक महत्वपूर्ण अवसर है, जिन पर विभिन्न प्रकार के बकाया (जैसे— भूखण्ड/आवास की किश्तें, ब्याज, दंड शुल्क आदि) लंबित हैं। इस योजना के अंतर्गत आवंटियों को अधिभार एवं दंड में छूट प्रदान करते हुए एकमुश्त भुगतान के माध्यम से बकाया निस्तारण का सरल एवं लाभकारी विकल्प दिया गया है। इससे न केवल आवंटियों को आर्थिक राहत मिलती है, बल्कि उनकी संपत्तियों का वैधानिक स्थिति में नियमितीकरण भी सुनिश्चित होता है। प्राधिकरण यह भी स्पष्ट करता है कि यह योजना सीमित अवधि के लिए प्रभावी है, जो कि 18 अप्रैल से 17 जुलाई तक लागू रहेगी। इस अवधि के दौरान आवेदन कर आवंटी विभिन्न वित्तीय रियायतों का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, समय से निस्तारण करने वाले आवंटियों को भविष्य में होने वाली ब्याज वृद्धि एवं अन्य दंडात्मक कार्यवाहियों से भी राहत मिलेगी। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा शेष सभी आवंटियों से पुन: अपील की जाती है कि वे इस सुनहरे अवसर का लाभ अवश्य उठाएं और निर्धारित समयसीमा के भीतर अपने आवेदन प्रस्तुत करें। यह योजना उनके हितों की सुरक्षा एवं आर्थिक बोझ को कम करने हेतु विशेष रूप से लाई गई है। यह भी अवगत कराया जाता है कि योजना अवधि समाप्त होने के पश्चात जिन आवंटियों द्वारा अपने बकाया का निस्तारण नहीं किया जाएगा, उनके विरुद्ध प्राधिकरण द्वारा नियमानुसार कठोर प्रशासनिक एवं विधिक कार्रवाई की जाएगी, जिसमें भूखण्ड/आवास निरस्तीकरण, वसूली की कार्यवाही आदि सम्मिलित हो सकती हैं। जीडीए अधिकारियों ने सभी आवंटियों से अनुरोध है कि वे विलंब न करते हुए शीघ्र आवेदन करें, ओटीएस योजना का लाभ उठाएं और अपने दायित्वों का निस्तारण कर सुरक्षित एवं निश्चिंत भविष्य की ओर कदम बढ़ाएं।

