- वंदे भारत ट्रेन (वाराणसी-नई दिल्ली) का होगा गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर ठहराव



गाजियाबाद। गाजियाबाद लोकसभा क्षेत्र के विकास एवं रेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में सांसद अतुल गर्ग के निरंतर प्रयासों को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। देश की दूसरी तथा उत्तर प्रदेश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन (वाराणसी -नई दिल्ली) का ठहराव अब गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर भी होगा। इस संबंध में सांसद अतुल गर्ग लगातार रेल मंत्रालय के समक्ष गाजियाबाद में ट्रेन के ठहराव की मांग उठा रहे थे। उनके निरंतर प्रयासों के फलस्वरूप गाजियाबाद को यह महत्वपूर्ण सौगात प्राप्त हुई है। इस उपलब्धि पर सांसद अतुल गर्ग ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस ट्रेन का गाजियाबाद में ठहराव होने से न केवल गाजियाबाद बल्कि पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। सांसद अतुल गर्ग ने इस सौगात के लिए गाजियाबाद सहित समस्त पश्चिमी उत्तर प्रदेश के नागरिकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

