
गाजियाबाद। आईटीएस फिजियोथेरेपी कॉलेज मुरादनगर में विश्व उच्च रक्तचाप दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य जागरूकता अभियान एवं नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया । कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को उच्च रक्तचाप के कारणों, बचाव, प्रबंधन तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक करना था। यह कार्यक्रम आईटीएस द एजुकेशन ग्रुप के वाइस चेयरमैन अर्पित चड्ढा के कुशल मार्गदर्शन, प्रोत्साहन एवं प्रेरणादायक नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर आईटीएस डेंटल ओपीडी मुरादनगर में एक स्वास्थ्य वार्ता का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित लोगों को उच्च रक्तचाप के कारणों, जोखिम कारकों , रोकथाम के उपाये, जीवन शैली में आवश्यक बदलाव तथा इसके प्रभावी प्रबंधन के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही रक्तचाप नियंत्रण एवं हृदय स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने में फिजियोथेरेपी एवं नियमित शारीरिक गतिविधियों की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी विशेष रूप से प्रकाश डाला गया। जन जागरूकता को बढ़ावा देने एवं प्रारंभिक जांच को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आईटीएस कैंपस मुरादनगर में निशुल्क रक्तचाप जांच शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर अपने स्वास्थ्य की जांच करवाई। कार्यक्रम के दौरान प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने उच्च रक्तचाप के प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश प्रभावशाली ढंग से आमजन तक पहॅुंचाया। सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने आईटीएस द एजुकेशन ग्रुप के वाइस चेयरमैन अर्पित चड्ढा के प्रति आभार व्यक्त किया जिनके सतत मार्गदर्शन एवं सहयोग से इस प्रकार के सामाजिक एवं स्वास्थ्य हितकारी कार्यक्रमों का सफल आयोजन संभव हो पाता है।

