धूमधाम से मनाया गया महानगर टैक्स बार एसोसिएशन का 20वाँ स्थापना दिवस

  • सुबह सेवा कार्य, बच्चों में बाँटी स्टेशनरी व फल, नेत्र जाँच शिविर लगाया
  • डॉक्यूमेंट्री, ई-न्यूजलेटर लॉन्च और नाट्य मंचन रहे आकर्षण का केन्द्र

गाजियाबाद। महानगर टैक्स बार एसोसिएशन गाजियाबाद ने मंगलवार को अपना 20वाँ स्थापना दिवस सेवा और उत्सव के साथ मनाया। दिन की शुरूआत समाज सेवा से हुई, जबकि शाम को आईएमए भवन, सेक्टर 8, राज नगर, गाजियाबाद में भव्य समारोह आयोजित किया गया।
स्थापना दिवस के अवसर पर सुबह एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने दूधेश्वर नाथ मंदिर स्थित वेद विद्यालय पहुँचकर बच्चों को स्टेशनरी सामग्री और फल वितरित किए। इस मौके पर बच्चों के लिए नेत्र जाँच शिविर भी लगाया गया, जिसमें उनकी आँखों की जाँच की गई। एसोसिएशन ने कहा कि समाज के प्रति दायित्व निभाना उसकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
शाम के समारोह में बड़ी संख्या में सदस्य, गणमान्य अतिथि और पेशेवर साथी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में एसोसिएशन की अब तक की यात्रा पर बनी विशेष डॉक्यूमेंट्री दिखाई गई। बीते 20 वर्षों की उपलब्धियों की झलक देखकर उपस्थित सदस्य गौरवान्वित नजर आए।
समारोह में एसोसिएशन के मासिक ई-न्यूजलेटर का औपचारिक लॉन्च भी किया गया। इस पहल से सदस्यों तक कर संबंधी अपडेट और एसोसिएशन की गतिविधियों की जानकारी नियमित रूप से पहुँचेगी। समारोह का सबसे बड़ा आकर्षण नाट्य प्रस्तुति ‘सैयां भये कोतवाल’ रही। हास्य और व्यंग्य से भरपूर इस मंचन ने दर्शकों को शुरू से अंत तक बाँधे रखा और खूब सराहना बटोरी।
एसोसिएशन के अध्यक्ष एडवोकेट अरुण गुप्ता ने सभी सदस्यों, अतिथियों और मीडिया बंधुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफर सभी सदस्यों के सहयोग और विश्वास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन आगे भी सदस्यों के हितों और समाज सेवा के लिए प्रतिबद्ध रहेगा। महासचिव सीए हरीश सचदेवा ने कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी पदाधिकारियों, सदस्यों और सहयोगियों का धन्यवाद किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में चेयरमैन मीडिया श्री मनोज जोशी के साथ उज्ज्वल गोयल, मधुर गुप्ता, राजीव गुप्ता, सुव्रत तिरखा और तरुण शर्मा का विशेष योगदान रहा। एसोसिएशन ने इन सभी के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *