श्री हनुमान मंदिर धार्मिक रामलीला समिति वसुंधरा द्वारा 8 अक्टूबर से शुरू होगा रामलीला महोत्सव

  • समाजसेवी नरेन्द्र भारद्वाज 28 वर्षों से कराते आ रहे हैं आयोजन

गाजियाबाद। प्राचीन संकट मोचन श्री हनुमान मंदिर धार्मिक रामलीला समिति द्वारा रामलीला महोत्सव का आयोजन 8 अक्टूबर से वसुंधरा मेंं इंदिरापुरम थाने के पीछे कराया जाएगा। रामलीला मंचन की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। रामलीला मैदान में सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी प्रशासन के अलावा रामलीला समिति के वॉलिंटियर्स भी संभालेंगे। यह जानकारी धार्मिक रामलीला समिति के अध्यक्ष एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नरेंद्र भारद्वाज ने दी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी भव्य रामलीला का मंचन 8 अक्टूबर से कराया जाएगा। रामलीला में सुरक्षा व्यवस्था के अलावा आने वाले भक्तजनों की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। रामलीला मैदान में लोग लीला के साथ ही झूले और मनोरंजन के साधन का आनंद ले सकते हैं। खानपान के स्टॉल भी यहां लगाए जाएंगे। लोग यहां पर स्वादिष्ट व्यंजनों का भी स्वाद ले सकते हैं। उन्होंने बताया कि वह पिछले 28 सालों से भगवान श्री राम की लीला का मंचन कराते आ रहे हैं। रामलीला का मंचन मथुरा वृंदावन के कलाकारों द्वारा किया जाएगा। इसके साथ 14 अक्टूबर को राम बारात धूमधाम के साथ निकलेगी जिसमें रथ के साथ सुंदर झांकियां रहेंगी। रामलीला मैदान में सुरक्षा के मददेनजर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं इसके साथ ही गुमशुदा बच्चों के लिए खोया पाया केंद्र और यहां पर एंबुलेंस की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। उन्होंने क्षेत्र की जनता से अपील की है कि वह रामलीला महोत्सव में आकर भगवान श्री राम का आशीर्वाद प्राप्त करने के साथ ही रामलीला महोत्सव में आकर बच्चों को भगवान श्री राम के आदर्श से प्रेरणा लेने का मार्गदर्शन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *