
गाजियाबाद। आई.टी.एस, मोहन नगर, गाजियाबाद द्वारा कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान में एक भव्य “मेधावी छात्र सम्मान समारोह का आयोजन शनिवार 6 जून 2026 को आई.टी.एस, मोहन नगर, गाजियाबाद परिसर में किया जा रहा है। यह कार्यक्रम दिल्ली-एनसीआर के विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यालयों के लिए वर्ष के सबसे प्रतिष्ठित एवं बहुप्रतीक्षित आयोजनों में से एक माना जाता है। कार्यक्रम के संबंध में जानकारी देते हुए आई.टी.एस द एजुकेशन ग्रुप के वाइस चेयरमैन अर्पित चड्ढा ने बताया कि इस अवसर पर देश की प्रथम महिला आईपीएस अधिकारी तथा पुडुचेरी की पूर्व उपराज्यपाल डॉ. किरण बेदी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होकर विद्यार्थियों, विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं शिक्षकों को संबोधित करेंगी तथा उन्हें सम्मानित करेंगी। उन्होंने बताया कि आई.टी.एस अपनी स्थापना से ही युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने, उन्हें उत्कृष्टता के लिए प्रेरित करने तथा उनके उज्जवल भविष्य के निर्माण हेतु निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मान समारोह विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें जीवन में उच्च लक्ष्य निर्धारित करने एवं उन्हें प्राप्त करने की प्रेरणा प्रदान करते हैं। आई.टी.एस यू.जी. कैंपस की प्राचार्या डॉ. नैन्सी शर्मा ने बताया कि इस सम्मान समारोह में दिल्ली-एनसीआर के 300 से अधिक विद्यालयों के 1500 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों ने अपनी सहभागिता की पुष्टि की है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए पदक एवं प्रशस्ति-पत्र (मेडल एवं सर्टिफिकेट) प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
इस अवसर पर विभिन्न प्रतिष्ठित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं शिक्षकों को भी शिक्षा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों की उपलब्धियों का उत्सव मनाना ही नहीं, बल्कि उन शिक्षकों एवं शिक्षाविदों का भी सम्मान करना है जिन्होंने विद्यार्थियों की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। समारोह में विद्यार्थियों को डॉ. किरण बेदी के प्रेरणादायी विचारों को सुनने एवं उनसे संवाद स्थापित करने का दुर्लभ अवसर प्राप्त होगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक, शिक्षाविद् एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे।
आई.टी.एस झ्र द एजुकेशन ग्रुप ने सभी मेधावी विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं विद्यालय प्रतिनिधियों का इस भव्य समारोह में स्वागत करते हुए इसे शिक्षा, प्रेरणा एवं उपलब्धियों के उत्सव के रूप में सफल बनाने का आह्वान किया है।

