आयकर अधिनियम, 2025 एवं आयकर नियम 2026 के अंतर्गत अनुपालनों पर विशेष संवाद सत्र का आयोजन

गाजियाबाद, आयकर विभाग द्वारा “आयकर अधिनियम, 2025 एवं आयकर नियम, 2026 के अंतर्गत अनुपालन” विषय पर करदाताओं, कर पेशेवरों, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, टैक्स बार, व्यापारिक एवं औद्योगिक संगठनों तथा मीडिया प्रतिनिधियों के लिए एक विशेष संवाद सत्र आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य नवीन कर प्रावधानों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा कर अनुपालन को अधिक सरल, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाना था। कार्यक्रम में श्रीमती अपर्णा करण, प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त, उत्तर प्रदेश (पश्चिम) एवं उत्तराखंड क्षेत्र, विनय करण, सेवानिवृत्त प्रधान आयकर आयुक्त; श्रीमती शेफाली स्वरूप, मुख्य आयकर आयुक्त, गाजियाबाद, दीपिका मित्तल, प्रधान आयकर आयुक्त, गाजियाबाद, संजय कुमार यादव, आयकर आयुक्त (TDS), कानपुर तथा सुरेन्द्र मीणा, आयकर आयुक्त (अपील) की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। अतिथियों का पौध-भेंट कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम का संचालन IMS की फैकल्टी संध्या शर्मा एवं महेश चन्द्र, आयकर अधिकारी द्वारा किया गया। दीपिका मित्तल ने स्वागत संबोधन में करदाताओं एवं कर पेशेवरों के साथ निरंतर संवाद और सहज अनुपालन की आवश्यकता पर बल दिया।
तकनीकी सत्रों में संजय चौरसिया, अपर आयकर आयुक्त द्वारा उत्तर प्रदेश (पश्चिम) एवं उत्तराखंड क्षेत्र के प्रदर्शन का अवलोकन प्रस्तुत किया गया, जबकि नवाब सिंह, संयुक्त आयकर आयुक्त, रेंज 2(1), गाजियाबाद ने अग्रिम कर (Advance Tax) का क्षेत्रवार विश्लेषण प्रस्तुत किया। TDS Compliance Framework पर संजय चौरसिया, अपर आयकर आयुक्त एवं जितेन्द्र गुप्ता, सहायक आयकर आयुक्त द्वारा संयुक्त प्रस्तुति दी गई। इसी क्रम में डॉ. अमरजोत, अपर आयकर आयुक्त ने पंजीकृत गैर-लाभकारी संगठनों से संबंधित छूट प्रावधानों एवं अनुपालन आवश्यकताओं पर जानकारी दी। अब्बास मिर्जा, सहायक निदेशक आयकर, FAIU ने “Foreign Assets of Small Taxpayers – Disclosure Scheme, 2026” के अंतर्गत छोटे करदाताओं की विदेशी परिसंपत्तियों से संबंधित प्रकटीकरण व्यवस्था के महत्वपूर्ण पहलुओं को समझाया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शेफाली स्वरूप, मुख्य आयकर आयुक्त, गाजियाबाद ने कहा कि नए प्रावधानों एवं प्रक्रियाओं का उद्देश्य कर अनुपालन को अधिक सरल, पारदर्शी एवं करदाता-अनुकूल बनाते हुए स्वैच्छिक अनुपालन को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने अग्रिम कर, TDS अनुपालन, धर्मार्थ न्यासों एवं गैर-सरकारी संगठनों से संबंधित संशोधित प्रक्रियाओं तथा छोटे करदाताओं की विदेशी परिसंपत्तियों से संबंधित Disclosure Scheme, 2026 के महत्व को रेखांकित किया।
उन्होंने विभाग के दृष्टिकोण “पहले सुविधा — Facilitation First” पर बल देते हुए कहा कि विभाग का उद्देश्य केवल कर संग्रह करना नहीं, बल्कि करदाताओं को बेहतर सेवाएँ प्रदान करते हुए अनुपालन को सहज बनाना भी है। उन्होंने करदाताओं, कर पेशेवरों एवं विभाग के बीच निरंतर संवाद तथा पारस्परिक विश्वास पर आधारित कर व्यवस्था की आवश्यकता पर बल दिया और आयोजन के लिए IMS गाजियाबाद का आभार व्यक्त किया।
मुख्य संबोधन में अपर्णा करण, प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त, उत्तर प्रदेश (पश्चिम) एवं उत्तराखंड क्षेत्र ने सरल एवं पारदर्शी कर प्रशासन, स्वैच्छिक अनुपालन तथा करदाता-केंद्रित सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए विभाग की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।
कार्यक्रम में आयकर विभाग की ओर से सुश्री कविता मीणा, संयुक्त निदेशक आयकर (अन्वेषण), भूपेन्द्र कुमार सिंह, संयुक्त आयकर आयुक्त, आर. के. सिंह, अपर आयकर आयुक्त, सुयश सक्सेना, उप निदेशक आयकर (अन्वेषण), जितेन्द्र गुप्ता, राजेश कटारे, मनोज भारती एवं अमृत लाल मीणा, सहायक आयकर आयुक्त तथा राकेश शर्मा, सहायक निदेशक आयकर (अन्वेषण) सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।
FOATBA की ओर से शिव कुमार गुप्ता, अध्यक्ष एवं सुनील गोयल, सचिव सहित अन्य प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। वरिष्ठ चार्टर्ड अकाउंटेंट आर. के. गोविल, योगेश कंसल सहित बड़ी संख्या में कर पेशेवरों, करदाताओं तथा विभिन्न व्यावसायिक एवं औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के समापन पर IMS Management Group की ओर से सीए राकेश छारिया द्वारा गणमान्य अतिथियों को स्मृति-चिह्न प्रदान किए गए। अपर्णा करण एवं शेफाली स्वरूप द्वारा सीए राकेश छारिया का भी स्मृति-चिह्न एवं पौध-भेंट से सम्मान किया गया। तत्पश्चात सीए राकेश छारिया द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया।
यह संवाद सत्र आयकर विभाग, करदाताओं एवं कर पेशेवरों के बीच प्रत्यक्ष संवाद को मजबूत करने तथा सरल एवं प्रभावी कर अनुपालन को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *