गाजियाबाद। ईद-उल-जुहा (बकरीद) पर्व के मददेनजर जनपद में कानून-व्यवस्था, आपसी सौहार्द एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिला स्तरीय पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक जिलाधिकारी रवींद्र कुमार माँदड़ एवं अपर पुलिस आयुक्त (लॉ एण्ड आॅर्डर), कमिश्नरेट गाजियाबाद राज करन नैय्यर की संयुक्त अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।
बैठक में एडीएम सिटी विकास कश्यप एवं जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन के अधिकारी सहित नगर निगम, चिकित्सा, विद्युत, अग्निशमन, पंचायती राज, नगरीय निकाय आदि विभागों के अधिकारियों के साथ उद्योग व्यापार मंडल एवं व्यापार मंडल के पदाधिकारी, विभिन्न मस्जिदों के इमाम, धर्मगुरु तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि गाजियाबाद जनपद सदैव आपसी भाईचारे की मिसाल रहा है। उन्होंने सभी धर्मगुरुओं एवं संभ्रांत नागरिकों से अपील की कि वे बकरीद का पर्व सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं तथा शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कुर्बानी की रस्म खुले में अथवा सार्वजनिक स्थान पर न की जाए, जिससे किसी की भावनाएं आहत न हों।
अपर पुलिस आयुक्त महोदय (लॉ एण्ड आॅर्डर) ने कहा कि त्यौहार के दौरान जनपद में सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु व्यापक पुलिस व्यवस्था की गई है। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ ड्रोन एवं सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा अफवाह फैलाने वाली पोस्ट, फोटो एवं वीडियो साझा न करें। यदि कोई व्यक्ति माहौल बिगाड़ने अथवा सामाजिक सौहार्द प्रभावित करने का प्रयास करेगा, तो उसके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
बैठक में पर्व के अवसर पर मस्जिदों एवं ईदगाहों में समुचित साफ-सफाई, पेयजल, मोबाइल टॉयलेट, निर्बाध विद्युत आपूर्ति तथा सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए। नगर निगम एवं संबंधित विभागों को कुबार्नी के उपरांत पशुओं के अवशेषों के निस्तारण हेतु पर्याप्त व्यवस्था समय से सुनिश्चित करने तथा सार्वजनिक स्थलों एवं नालियों में अवशेष न डाले जाने के संबंध में विशेष व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को विद्युत व्यवस्था सुचारू रखने व नगर निगम एवं संबंधित विभागों को ईदगाहों एवं प्रमुख मस्जिदों के आसपास विशेष साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल की मुकम्मल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में उपस्थित धर्मगुरुओं एवं गणमान्य नागरिकों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया तथा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

