संवैधानिक संस्थाओं को राजनीतिक लाभ के लिए निशाना बनाना बंद करें राहुल गांधी : ममता त्यागी

गाजियाबाद। भारतीय जनता पार्टी महानगर एवं जिला इकाई द्वारा नेहरू नगर स्थित महानगर कार्यालय पर संयुक्त प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता में जिला पंचायत अध्यक्ष ममता त्यागी एवं महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल सहित पार्टी के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष ममता त्यागी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस लगातार देश के संवैधानिक ढांचे और लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा चुनाव आयोग पर राजनीतिक और मनगढ़ंत आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने चुनावी प्रक्रिया और फॉर्म-6 से संबंधित विषयों पर भी कांग्रेस के आरोपों पर सवाल उठाए और कहा कि इन विषयों पर न्यायिक स्तर पर भी विचार हो चुका है।
ममता त्यागी ने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी को संवैधानिक संस्थाओं को राजनीतिक लाभ के लिए निशाना बनाना बंद करना चाहिए तथा जनता से माफी मांगनी चाहिए।
महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने कहा कि चुनावी पराजय के बाद संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगाना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और दोनों चुनाव आयुक्तों की 26 सितंबर को बैठक हुई थी, जिसके बाद चुनाव आयोग द्वारा संयुक्त प्रेस वक्तव्य जारी किया गया। उनके अनुसार, बैठक में चुनाव आयोग के समक्ष आने वाले प्रमुख विषयों पर सर्वसम्मति से निर्णय लिए गए।
उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी और विपक्षी गठबंधन के नेता विभिन्न मुद्दों को लेकर संवैधानिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली और चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाते रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की निष्पक्षता, न्यायपालिका तथा अन्य संवैधानिक संस्थाओं को लेकर विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे आरोप लोकतांत्रिक एवं संघीय व्यवस्था पर अविश्वास पैदा करने का प्रयास हैं।
मयंक गोयल ने कहा कि भाजपा को विश्वास है कि जनता संवैधानिक संस्थाओं और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के संबंध में तथ्यों को समझेगी। उन्होंने कहा कि 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा के पक्ष में जनता का समर्थन जारी रहेगा और प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *