
- पार्टी अध्यक्ष जयंत चौधरी के आवास पर पहुंचकर महिला कार्यकत्रियों ने जताया आभार
गाजियाबाद। संसद में भले ही महिला आरक्षण बिल गिर गया हो लेकिन सत्तारुढ़ पार्टी भाजपा की सहयोगी रालोद ने महिला आरक्षण बिल को लेकर मजबूत पैरवी की। रालोद की महानगर अध्यक्ष रेखा चौधरी के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह के आवास 25 तुगलक रोड दिल्ली पर विभिन्न प्रकोष्ठों की सैकड़ों महिलाओं ने
महिला आरक्षण बिल के समर्थन, महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी को सुनिश्चित करने और उसकी मजबूत पैरवी के लिए पार्टी अध्यक्ष का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर महिला सशक्तिकरण, समान भागीदारी और निर्णय प्रक्रिया में महिलाओं की बढ़ती भूमिका पर महानगर अध्यक्ष रेखा चौधरी ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि महिला आरक्षण के माध्यम से हमें उस सोच को बदलना है जो महिलाओं को केवल पारंपरिक भूमिकाओं तक सीमित रखती है। हमारी माताओं-बहनों-बेटियों ने अपने परिश्रम से इस देश को सींचा है, अब उनको केवल घर-आंगन तक सीमित रखना गलत होगा। अब समय आ गया है कि हमारी नारी शक्ति देश की संसद और नीति निर्धारण में अपनी धाक जमाएं।
सामाजिक न्याय की यह लड़ाई हमें मिलकर जीतनी ही होगी। क्योंकि जिस समाज की आधी आबादी निर्णय लेने की प्रक्रिया में शामिल नहीं है, वह समाज पूर्ण रूप से प्रगति नहीं कर सकता। इसलिए महिलाओं के आरक्षण का विरोध करने का मतलब है- देश की आधी आबादी को सदियों पीछे धकेल देना। राष्ट्रीय लोक दल का हर प्रतिनिधि नारी शक्ति के सशक्तिकरण के इस महायज्ञ में अपनी आहुति देने के लिए तैयार है।

