- शिक्षक केवल पढ़ाते नहीं, बल्कि भविष्य गढ़ते हैं: डाआईओ बीपी सिंह
- शिक्षकों के सम्मान से गूंजा दुर्गावती देवी सभागार, 37 उत्कृष्ट शिक्षक हुए सम्मानित
- ज्ञान, संस्कार और राष्ट्र निर्माण के शिल्पकारों को प्रशस्ति-पत्र व अंगवस्त्र देकर किया सम्मानित
गाजियाबाद। शिक्षक दिवस के अवसर पर बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग, जनपद गाजियाबाद की ओर से शनिवार को विकास भवन स्थित दुर्गावती देवी सभागार में भव्य शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट, समर्पित एवं उल्लेखनीय कार्य करने वाले 37 शिक्षकों एवं शिक्षाकर्मियों को प्रशस्ति-पत्र एवं अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अपर जिलाधिकारी नगर विकास कश्यप तथा विशिष्ट अतिथि जिला विकास अधिकारी प्रज्ञा श्रीवास्तव रहीं। समारोह में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओम प्रकाश यादव एवं जिला विद्यालय निरीक्षक बुद्ध प्रिय सिंह सहित शिक्षा विभाग के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओम प्रकाश यादव ने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम का ज्ञान देने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के भविष्य का वास्तविक शिल्पकार होता है। शिक्षक विद्यार्थियों में ज्ञान के साथ संस्कार, अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करता है। उन्होंने सम्मानित शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि उनके उत्कृष्ट कार्य अन्य शिक्षकों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक बुद्ध प्रिय सिंह ने कहा कि शिक्षक केवल पढ़ाते नहीं, बल्कि भविष्य गढ़ते हैं। शिक्षक का वास्तविक योगदान विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, संस्कार और समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारियों में दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
समारोह में देश के महान दार्शनिक, शिक्षाविद् एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया गया। वक्ताओं ने कहा कि 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जाना देश के शिक्षकों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और उनके योगदान को नमन करने का अवसर है। इस अवसर पर डा. राकेश, जिला समन्वयक समेकित शिक्षा, श्रीमती सिंपल चौधरी, जिला समन्वयक प्रशिक्षण तथा श्रीमती रुचि त्यागी, जिला समन्वयक एमआईएस सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
मंच संचालन ने बांधा समां
कार्यक्रम का प्रभावशाली मंच संचालन श्रीमती लक्ष्मी त्यागी, प्रधानाध्यापिका ने किया। समारोह के दौरान शिक्षकों के योगदान, उनके दायित्व और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को रेखांकित किया गया। शिक्षक सम्मान समारोह ने यह संदेश दिया कि शिक्षक का सम्मान केवल एक व्यक्ति का सम्मान नहीं, बल्कि ज्ञान, संस्कार और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य का सम्मान है।



उत्कृष्ट कार्य करने वाले इन शिक्षकों को मिला सम्मान
समारोह में रुचिका जैन, निशि रानी शर्मा, शैला राघव, रेनु रानी, भुवनेश, मधु यादव, कल्पना पांडे, प्रमेन्द्र शर्मा, आशीष कुमार, शुचि शुक्ला, अनुपमा तंवर, नाहिदा बेगम, रीना गुप्ता, प्रमोद कुमार, शिवांगी सिंह, पूजा गौड़, अमित गोयल, प्रियंका रस्तोगी, निधि जैन, दीपशिखा गुप्ता, सीतू, दिव्या, पारुल, तरुण कुमार, हेमन्त कुमार, राजकुमार, मालती देवी, पारुल चौधरी, लोकेश कुमार, गीता गोयल एवं श्रीमती सीमा सेठी, श्रीमती ज्योत्सना शर्मा, डॉ. सतीश चंद्र अग्रवाल, डॉ. विभा चौहान, शिवनंदन तिवारी एवं श्रीमती वंदना यादव को प्रशस्ति-पत्र एवं अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।



