- दो लोगों को मिला रोजगार, सरकार के सहयोग से सपने हो रहे हैं साकार
गाजियाबाद। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है। इस योजना के माध्यम से जनपद गाजियाबाद की निवासी तूलिका त्यागी ने न केवल अपना स्वयं का व्यवसाय स्थापित किया, बल्कि अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर सृजित किए हैं।
बालाजी एन्कलेव, गाजियाबाद निवासी तूलिका त्यागी को सिलाई एवं कढ़ाई का अच्छा अनुभव और कौशल था, लेकिन आर्थिक संसाधनों की कमी के कारण वह अपने हुनर को व्यवसाय का रूप नहीं दे पा रही थीं। इसी दौरान उन्हें जिला उद्योग केंद्र, गाजियाबाद द्वारा आयोजित एक जागरूकता शिविर में भाग लेने का अवसर मिला, जहां उन्हें मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की जानकारी प्राप्त हुई।
योजना से प्रेरित होकर तूलिका त्यागी ने ऑनलाइन आवेदन किया और विभाग के सहयोग से आवेदन स्वीकृत होने के उपरांत बैंक ऑफ बड़ौदा, गोविंदपुरम शाखा द्वारा उन्हें 5 लाख रुपये का ऋण उपलब्ध कराया गया। ऋण प्राप्त होने के बाद उन्होंने अपना स्वयं का बुटीक स्थापित किया और व्यवसाय की शुरुआत की।
तूलिका त्यागी बताती हैं कि उनके परिश्रम और लगन का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। वर्तमान में वह बैंक ऋण की नियमित किस्तों का भुगतान कर रही हैं तथा सभी खर्चों और किस्तों के भुगतान के बाद उन्हें लगभग 20 हजार रुपये प्रतिमाह का शुद्ध लाभ प्राप्त हो रहा है। इसके अतिरिक्त उनके बुटीक में दो अन्य व्यक्तियों को भी रोजगार मिला है, जिससे वे भी अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं।
तूलिका त्यागी ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान को युवाओं के लिए अत्यंत लाभकारी बताते हुए कहा कि यह योजना उन लोगों के लिए वरदान साबित हो रही है जो कौशल और प्रतिभा तो रखते हैं, लेकिन आर्थिक अभाव के कारण अपना व्यवसाय शुरू नहीं कर पाते। उन्होंने इस योजना को प्रारंभ करने के लिए माननीय मुख्यमंत्री जी के प्रति आभार व्यक्त किया तथा जिला उद्योग केंद्र, बैंक ऑफ बड़ौदा और जिला प्रशासन का सहयोग एवं मार्गदर्शन के लिए धन्यवाद दिया।
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के माध्यम से जनपद के अनेक युवा स्वरोजगार की ओर अग्रसर हो रहे हैं। यह योजना न केवल युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बना रही है, बल्कि रोजगार सृजन और स्थानीय आर्थिक विकास को भी नई गति प्रदान कर रही है।


