‘आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन’ को लेकर विकास भवन में कार्यशाला आयोजित

गाजियाबाद। मुख्य विकास अधिकारी एव मुख्य चिकित्सा अधिकारी की संयुक्त अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन और सुदृढ़ीकरण हेतु कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में स्वास्थ्य सेवाओं के डिजिटलीकरण और आभा आईडी के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि आम जनमानस तक पारदर्शी एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुँचाना शासन का प्रमुख उद्देश्य है। कार्यशाला में स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, चिकित्सा प्रभारियों, प्रशासनिक कर्मचारियों और आयुष्मान भारत योजना में आबद्ध चिकित्सालययों ने प्रतिभाग किया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन देश की स्वास्थ्य सेवाओं में क्रांतिकारी बदलाव लाने का एक ऐतिहासिक कदम है। इसका उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को पूरी तरह डिजिटल, पारदर्शी और आम नागरिक के लिए सुलभ बनाना है। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद के प्रत्येक नागरिक की ‘आभा’ आईडी प्राथमिकता के आधार पर बनाई जाए।
मुख्य विकास अधिकारी ने स्वास्थ्य एवं संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया और ग्रामीण स्तर पर आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। कार्यशाला के दौरान तकनीकी टीम द्वारा प्रस्तुतीकरण (प्रजेंटेशन) के माध्यम से डिजिटल स्वास्थ्य रिकॉर्ड प्रबंधन, स्कैन एंड शेयर ओपीडी टोकन प्रणाली तथा पोर्टल संचालन की बारीकियों पर प्रशिक्षण दिया गया। विभिन्न अधिकारियों द्वारा विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर आ रही व्यावहारिक समस्याओं का समाधान भी प्रस्तुत किया गया।
कार्यशाला में आयुष्मान भारत योजना की नोडल अधिकारी डॉ. नेहा गोस्वामी द्वारा एबीडीएम से संबंधित प्रजेंटेशन दी गई। डीआईयू टीम, डॉ. ए. के. विश्वकर्मा एव डॉ. पंकज राकेश द्वारा संबंधित विषय पर प्रजेंटेशन दी गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी सचिन चन्द्र वैश्य द्वारा निर्देशित किया गया कि अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों और निजी चिकित्सा संस्थानों को डिजिटल नेटवर्क से जोड़ने की गति में तेजी लाई जाये ताकि मरीजों का मेडिकल रिकॉर्ड सुरक्षित रहे और उन्हें उपचार के लिए पुराने पर्चे या फाइलें लेकर भटकना न पड़े। कि आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन सभी नागरिकों के स्वास्थ्य की दिशा में ऐसा प्रयास है जो अत्यधिक सराहनीय है। इस योजना के माध्यम से प्रत्येक व्यक्ति का स्वास्थ्य रिकॉर्ड डिजिटल हो जाएगा और किसी भी व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य के पुराने रिकार्ड को भौतिक रूप से रखने की आवश्यकता नहीं रहेगी। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को तय समय-सीमा के भीतर निर्धारित लक्ष्यों को शत-प्रतिशत पूर्ण करने एव समस्त आबद्ध चिकित्सालयों को प्राथमिकता के आधार एबीडीएम के अंतर्गत कार्य करने के कड़े निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *