राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन हेतु जिला जज की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक संपन्न

जिला जज, गाजियाबाद विनोद सिंह रावत द्वारा किए गए वादों के त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण निस्तारण हेतु निर्देश जारी

गाजियाबाद। जिला न्यायालय, गाजियाबाद के सभागार में आगामी दिनांक 09.05.2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन तथा अधिकाधिक वादों के निस्तारण के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला जज, गाजियाबाद विनोद सिंह रावत द्वारा की गई। बैठक में राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से अधिकाधिक वादों के सौहार्दपूर्ण एवं त्वरित निस्तारण के संबंध में विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि अधिक से अधिक वादकारियों को लोक अदालत के लाभों के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें अपने प्रकरणों के निस्तारण हेतु प्रेरित किया जाए, जिससे आमजन को सरल, सुलभ एवं त्वरित न्याय प्राप्त हो सके।
बैठक में न्यायालयों में लंबित विभिन्न प्रकृति के मामलों, विशेषकर बैंक वसूली, मोटर दुर्घटना दावा, वैवाहिक वाद, चेक बाउंस, श्रम विवाद, राजस्व वाद एवं अन्य सुलह योग्य प्रकरणों के निस्तारण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। जनपद गाजियाबाद के समस्त नागरिकों से अपील की गई है कि वे राष्ट्रीय लोक अदालत में अपने मामलों का आपसी समझौते के आधार पर निस्तारण कराकर समय एवं धन की बचत करें। बैठक में नोडल अधिकारी एस.सी./एस.टी. एक्ट जितेन्द्र मिश्रा, अपर जिला जज/कोर्ट संख्या-05 लोकेश वरुण, विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट) नीरज गौतम तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गाजियाबाद की सचिव नेहा बनोधिया उपस्थित रहीं। इसके अतिरिक्त अपर जिला अधिकारी (नगर), सम्भागीय सहायक परिवहन अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, समस्त बैंक काउंसिल अधिकारी, चिकित्सा अधिकारी, एल.डी.एम., तहसीलदार, नगर आयुक्त, नगर पंचायत अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारीगण भी बैठक में सम्मिलित हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *