- भूटान में 8 स्वर्ण पदक जीतकर लौटे खिलाड़ियों का जोरदार भव्य स्वागत
- गाजियाबाद शहर विधायक संजीव शर्मा ने विजेता खिलाड़ियों और कोच को मिठाई खिलाकर और माल्यार्पण कर दी बधाई।
गाजियाबाद, भूटान की राजधानी थिम्पू में आयोजित ‘थिम्पू इंटरनेशनल कराटे चैंपियनशिप 2026’ में भारत का तिरंगा लहराकर लौटे इंदिरापुरम कराटे स्कूल के जांबाज खिलाड़ियों का स्वदेश वापसी पर जोरदार और भव्य स्वागत किया गया। इस अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अकादमी के 4 होनहार खिलाड़ियों ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए कुल 8 स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) जीतकर वैश्विक पटल पर देश और गाजियाबाद जनपद का नाम रोशन किया है।
इस गौरवपूर्ण अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे गाजियाबाद के माननीय शहर विधायक संजीव शर्मा ने सभी विजेता खिलाड़ियों को माल्यार्पण कर, नोटों की माला पहनाकर और मिठाइयां खिलाकर उनका हौसला बढ़ाया।
विश्व चैंपियन के हाथों मिला सम्मान
इस अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में मेजबान भूटान सहित भारत, नेपाल और कराटे के जनक देश जापान के शीर्ष खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच इंदिरापुरम कराटे स्कूल के मार्शल आर्ट्स चैंपियंस ने व्यक्तिगत काता (Kata) और कुमिते फाईट (Kumite) दोनों स्पर्धाओं में अपना दबदबा बनाया।
खास बात यह रही कि जापान से आए मुख्य अतिथि और कराटे के वर्ल्ड चैंपियन शुतो ताकाशिमा ने स्वयं सभी विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर पुरस्कृत किया, जो पूरी अकादमी और देश के लिए बेहद ऐतिहासिक क्षण रहा।
इन ‘सुपर फोर’ चैंपियंस ने जीते डबल गोल्ड मेडल
प्रतियोगिता में हिस्सा लेने गए चारों खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट अनुशासन और बेहतरीन तकनीक का परिचय देते हुए अपने-अपने वर्ग में दो-दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए:
अर्षी – अंडर 8 वर्ष बालिका वर्ग (डबल गोल्ड)
वैष्णवी यादव – अंडर 14 वर्ष बालिका वर्ग (डबल गोल्ड)
तुषार यादव – अंडर 16 वर्ष बालक वर्ग (डबल गोल्ड)
आध्या भंडारी – अंडर 18 वर्ष बालिका वर्ग (डबल गोल्ड)

अभिभावकों के त्याग और बच्चों की मेहनत का परिणाम: कोच पुष्पेन्द्र सिंह रावत
खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक सफलता पर इंदिरापुरम कराटे स्कूल के संस्थापक, अध्यक्ष एवं मुख्य कोच पुष्पेन्द्र सिंह रावत ने अपार हर्ष व्यक्त करते हुए कहा “यह हमारी अकादमी और पूरे देश के लिए एक अत्यंत गौरवपूर्ण क्षण है। हमारे चार असाधारण छात्रों ने न केवल भारतीय राष्ट्रीय कराटे टीम में अपनी जगह बनाई, बल्कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा भी मनवाया। खिलाड़ियों की इस अद्वितीय सफलता के पीछे उनके अभिभावकों का निरंतर सहयोग, त्याग और अटूट विश्वास है, जिसके लिए मैं सभी माता-पिता का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ।” खिलाड़ियों की इस बड़ी उपलब्धि पर कोच नैना रावत सहित क्षेत्र के खेल प्रेमियों, सामाजिक संगठनों और खेल जगत से जुड़ी हस्तियों ने इंदिरापुरम कराटे स्कूल की टीम और उनके कोच को बधाई संदेश भेजे हैं। स्वागत समारोह के दौरान पूरा माहौल ‘भारत माता की जय’ के नारों से गूंज उठा।

