गाजियाबाद। आई.टी.एस. यूजी कैंपस, मोहननगर के बीसीए पाठ्यक्रम के छात्रों के लिए यह अत्यंत गौरव एवं हर्ष का विषय है कि वे 16 जून से 30 जून 2026 तक भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रोपड़, पंजाब के टेक्नोलॉजी इनोवेशन हब (iHub AWaDH) द्वारा आयोजित “IoT एवं CPS समर ट्रेनिंग प्रोग्राम” में सहभागिता करेंगे।
यह 15 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम छात्रों को अत्याधुनिक एवं उभरती हुई तकनीकों जैसे इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT), एम्बेडेड सिस्टम्स, ब्लूटूथ लो एनर्जी (BLE), इंडस्ट्रियल सेंसर्स तथा साइबर-फिजिकल सिस्टम्स (CPS) के क्षेत्र में व्यावहारिक एवं उद्योगोन्मुखी प्रशिक्षण प्रदान करेगा। कार्यक्रम के दौरान छात्रों को विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में आधुनिक तकनीकी उपकरणों एवं वास्तविक परियोजनाओं पर कार्य करने का अवसर प्राप्त होगा, जिससे उनके तकनीकी ज्ञान एवं नवाचार क्षमता का विकास होगा।
आईटीएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के वाइस चेयरमैन अर्पित चड्ढा ने आईआईटी रोपड़ में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेने जा रहे सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए अपने संदेश में कहा कि यह अवसर विद्यार्थियों के लिए सीखने, नवाचार करने तथा नई तकनीकों को समझने का एक महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने कहा कि आज का दौर तीव्र तकनीकी परिवर्तन का है, जहाँ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT), साइबर-फिजिकल सिस्टम्स, ऑटोमेशन और डेटा आधारित तकनीकों की भूमिका निरंतर बढ़ रही है। ऐसे में विद्यार्थियों को केवल सैद्धांतिक ज्ञान तक सीमित न रहकर व्यावहारिक कौशल एवं नवाचार की सोच विकसित करनी होगी।
उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए अपने सन्देश में कहा कि उन्हें भविष्य में उभर रही तकनीकी चुनौतियों का सामना करने के लिए स्वयं को तैयार करना चाहिए तथा इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से प्राप्त ज्ञान एवं अनुभव का अधिकतम लाभ उठाना चाहिए। श्री चड्ढा ने विश्वास व्यक्त किया कि आईआईटी रोपड़ जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में प्राप्त प्रशिक्षण विद्यार्थियों के तकनीकी कौशल, समस्या-समाधान क्षमता एवं नेतृत्व गुणों को नई दिशा प्रदान करेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे इस अवसर का पूर्ण समर्पण एवं उत्साह के साथ लाभ उठाएँ तथा संस्थान का नाम गौरवान्वित करें।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को भविष्य की तकनीकी चुनौतियों के लिए तैयार करना तथा उन्हें उद्योग की वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप दक्ष बनाना है। यह अनुभव छात्रों को न केवल तकनीकी रूप से सशक्त बनाएगा, बल्कि उनके करियर विकास एवं रोजगार संभावनाओं को भी नई दिशा प्रदान करेगा।
आईआईटी रोपड़ में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेने को लेकर छात्र अत्यंत उत्साहित हैं। छात्रों के साथ संस्थान के संकाय सदस्य प्रो. शिवोहम तिवारी एवं प्रो. मानवी नेहरा भी मार्गदर्शक के रूप में उपस्थित रहेंगे। संस्थान प्रबंधन ने विश्वास व्यक्त किया कि यह प्रशिक्षण छात्रों के लिए एक महत्वपूर्ण सीखने का अवसर सिद्ध होगा तथा वे प्राप्त ज्ञान एवं अनुभव का उपयोग अपने शैक्षणिक एवं व्यावसायिक जीवन में प्रभावी रूप से कर सकेंगे।
इस अवसर पर आई.टी.एस. संस्थान परिसर में एक फ्लैग-ऑफ समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आई.टी.एस. यूजी कैंपस की प्रिंसिपल डॉ. नैंसी शर्मा, वाइस प्रिंसिपल डॉ. राजीव कुमार, डीन अकादमिक डॉ. विदुषी सिंह, ऐकडेमिक आउटरीच कोऑर्डिनेटर प्रो विशाल त्यागी, संस्थान के अध्यापकगण एवं छात्र उपस्थित रहे। सभी गणमान्य सदस्यों ने चयनित छात्रों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

